अल्मोड़ा के 23 गांव शामिल होंगे नगर पालिका में....

अल्मोड़ा। नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार को लेकर प्रस्तावित गांवों की सूची शासन स्तर पर जारी कर दी गयी है। जिसके बाद कुल 23 गांवों का 1082.129 हेक्टियर क्षेत्रफल और 17 हजार से अधिक की आबादी पालिका में शामिल हो सकती है। हालांकि सीमा विस्तार की प्रक्रिया कैबिनेट स्तर पर चल रही है और इस पर कोई फैसला लेने से पूर्व आपत्ति भी मांगी जानी है। यह कई चरणों की प्रक्रिया होगी, जिसमें समय लग सकता है।
ध्यान देने की बात यह है कि इन गांवों की आबादी काफी समय से पालिका क्षेत्र में शामिल होने का विरोध कर रही है और उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर शासन स्तर पर उन्हें जबरन पालिका में शामिल किया गया तो वह आर-पार का संघर्ष शुरू कर देंगे। शासन से जारी पालिका सीमा विस्तार की सूची के अंतर्गत अल्मोड़ा नगर पालिका क्षेत्र के सीमा विस्तार में पपरशैली, ठाठ बंगला, एनटीडी, गोलनाकरड़िया, फलसीमा, बख, सरसों, दुगालखोला, खगमराकोट, धड़सीमी, खत्याड़ी, सरकार की आली, भनार, रैलापाली, नैणीकमस्यार, अथरबाड़ी, सुनारखोला, तालड़बाड़ी, शैलगूंठ, बरसीमी (लोधिया), सिकुड़ा, सिमकुकुड़ी व रैला तिवाड़ी शामिल हैं। सूची में कहा गया है कि 17703 की जनसंख्या को पालिका सीमा क्षेत्र में शामिल करने की योजना है, लेकिन यह जनगणना वर्ष 2011 की है। वर्तमान जनसंख्या को यदि आधार माना जाये तो यदि यह 23 गांव पालिका में शामिल हो जाते हैं तो पालिका क्षेत्र की जनसंख्या में काफी वृद्धि हो जायेगी। ज्ञात रहे कि अल्मोड़ा नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिलाने के लिए सीमा विस्तार की बात काफी समय से की जाती रही है। पालिका प्रशासन द्वारा इन गांवों का पालिका क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जहां पालिका प्रशासन जन हित व विकास का हवाला देकर पालिका के सीमा विस्तार की बात कह रही है, वहीं ग्र्रामीण क्षेत्र की जनता पालिका में शामिल होने के खिलाफ मुखर आंदोलन का ऐलान कर चुकी है।
स्रोत उत्तरांचल दीप ई पेपर

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog